गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

7

The Duniyadari: रायगढ़। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 गौवंश को मुक्त कराया, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग गौवंश को पैदल उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं और उनके साथ क्रूरता बरत रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरधारी साव ने टीम के साथ अटल चौक के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मायाराम नागवंशी (45), सोहन यादव (47) और विद्याधर नागवंशी (36) के रूप में हुई, जो जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस द्वारा वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद गौवंश को जब्त कर उनके लिए पानी और चारे की व्यवस्था की गई और सुरक्षित रूप से गौशाला भेजा गया।

इस मामले में लैलूंगा थाना में छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।