Tuesday, November 10, 2026
Home जांजगीर-चांपा घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता ने टंगिया से हमला कर...

घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता ने टंगिया से हमला कर बेटे की ले ली जान

4

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पारिवारिक कलह का अंत दर्दनाक हत्या के रूप में हुआ। बेटे की हरकतों से लंबे समय से परेशान एक पिता ने गुस्से में आकर ऐसा कदम उठा लिया, जिससे परिवार में मातम छा गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपना जुर्म स्वीकार करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया।

मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के डिघोरा गांव का है। यहां रहने वाले रावेन्द्र मरावी की उसके पिता ने टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर घर में विवाद करता और परिजनों के साथ मारपीट भी करता था।

सोमवार की रात भी घर में इसी बात को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर पिता ने आपा खो दिया और टंगिया से बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रावेन्द्र आंगन में ही गिर पड़ा और कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी पिता सीधे मुलमुला थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।