उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक पुलिस कांस्टेबल का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दी पहने सिपाही खुलेआम पैसे लेते दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं, वह पैसे लेने के बाद संबंधित काम कराने की गारंटी भी देता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह मामला फतेहगंज थाना क्षेत्र का है, जहां तैनात कांस्टेबल इलाके में लोगों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वायरल वीडियो में सिपाही को 500 रुपये का नोट लेते देखा जा सकता है। पैसे लेने के बाद वह सामने वाले को भरोसा दिलाता है कि काम हो जाएगा और उसे खुद आने की जरूरत नहीं पड़ेगी, केवल कागजात भेज देना।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। मामला संज्ञान में आते ही जिले के पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस के मीडिया सेल के अनुसार, मामले की जांच डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। हालांकि वायरल वीडियो कुछ महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।















