रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। शनिवार 22 अप्रैल को भी शहर में कई धार्मिक-सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। इसमें अक्षय तृतीया पर भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकलेगी और ईद की नमाज भी ईदगाह और मस्जिदों में होगी। वहीं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में अक्ती तिहार मनाया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहेंगे। इसके अलावा अक्षय तृतीया (अक्ती) के दिन से राम के ननिहाल चंदखुरी में कौशल्या महोत्सव का आगाज होगा।
राम के ननिहाल चंदखुरी में कौशल्या महोत्सव
अक्षय तृतीया (अक्ती) के दिन से राम के ननिहाल चंदखुरी में कौशल्या महोत्सव का आगाज शनिवार से होगा। भगवान श्री राम और माता कौशल्या के जीवन चरित्र और भक्ति का समागम यहां प्रस्तुत किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में राम के जन्म से लेकर वनवास और उनके जीवन चरित्र को दिखाया जाएगा। राम से मर्यादा पुरुषोत्तम बनने की कहानी और माता कौशल्या के जीवन चरित्र का विवरण भी महोत्सव में प्रस्तुत किया जाएगा। 22 से 24 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। इस दौरान देश के प्रसिद्ध भजन गायक-गायिकाओं की प्रस्तुति होगी।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर छलकेगी आस्था
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर डंगनिया, कोटा, भनपुरी आदि इलाकों में भक्ति, उल्लास छाएगा। दीप प्रज्वलन, महाआरती और जगह-जगह पर भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। ब्राह्मण समाज के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली जाएगी।