Tuesday, March 10, 2026
Home कोरबा चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान —...

चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान — कोरबा हाईवे पर हड़कंप

30

The Duniyadari: कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर एक खौफनाक हादसा सामने आया, जब चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम कापा नवापारा के पास हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, कार अंबिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में चालक ने वाहन से धुआं उठते देखा। वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग तेजी से फैल गई। खतरा भांपते हुए चालक ने फुर्ती दिखाते हुए चलती कार से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

आग की वजह से कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से टकरा गई। घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आपात सेवा को सूचना दी। घायल चालक को पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।