चोटिया हाथी नियंत्रण केंद्र का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए गए जरूरी निर्देश

10

The Duniyadari: कोरबा। चोटिया में स्थापित हाथी नियंत्रण केंद्र का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री निवास राव ने केंद्र की व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई रेंज के कोरबी परिक्षेत्र में संचालित इस केंद्र का दौरा उन्होंने बैकुंठपुर और एमसीबी जिले के प्रवास से लौटते समय किया। शाम करीब पांच बजे वे चोटिया पहुंचे और वहां मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कामकाज की स्थिति जानी।

इस दौरान केंदई रेंज के वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे, कोरबी-चोटिया परिक्षेत्र के सहायक सुनील कुमार डिकसेना सहित वन अमला मौजूद रहा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने भोजन कक्ष, उपस्थिति रजिस्टर और ड्यूटी पर तैनात वन रक्षकों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने हाथी प्रभावित इलाकों में चौकसी बढ़ाने, सूचना तंत्र को मजबूत रखने और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

करीब दस मिनट तक चले इस संक्षिप्त निरीक्षण के बाद श्री राव कटघोरा के लिए रवाना हो गए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे को हाथी प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।