Saturday, March 21, 2026
Home जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे: ट्रेलरों की भिड़ंत और पिकअप की...

छत्तीसगढ़ में दो दर्दनाक सड़क हादसे: ट्रेलरों की भिड़ंत और पिकअप की टक्कर में 2 की मौत

33

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने रविवार सुबह सनसनी फैला दी। दोनों घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।

जांजगीर-चांपा जिले में अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद एक ट्रेलर में आग भड़क उठी, जिससे चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे में एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

वहीं, सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में सुतिया नाला के पास तेज गति से आ रही एक पिकअप ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हादसे में दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन अवैध रूप से जब्त किए गए धान को लेकर लौट रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।