Friday, March 20, 2026
Home Breaking छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, कई जिलों में नई पदस्थापना

छत्तीसगढ़ में न्यायिक अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, कई जिलों में नई पदस्थापना

13

The Duniyadari: बिलासपुर से जारी आदेश के तहत प्रदेश में न्यायिक अधिकारियों के तबादलों की नई सूची सामने आई है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की अनुशंसा के बाद रजिस्ट्रार जनरल ने यह आदेश जारी किया, जिसके तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश से लेकर सिविल जज स्तर तक कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

आदेश के अनुसार, जांजगीर-चांपा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत को अब अंबिकापुर (सरगुजा) भेजा गया है। वहीं हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (न्यायिक) के पद पर कार्यरत खिलावन राम रिगरी को कोंडागांव का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। जांजगीर के परिवार न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश संघरत्ना भटपहरी को कबीरधाम (कवर्धा) स्थानांतरित किया गया है।

कोरबा में विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) रहे जयदीप गर्ग को जांजगीर-चांपा का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं सुमित कपूर को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (न्यायिक स्थापना) की जिम्मेदारी दी गई है। जगदलपुर से अमित कुमार कोहली और रायपुर से दिग्विजय सिंह को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। रायपुर के उमेश कुमार उपाध्याय को एडिशनल रजिस्ट्रार (न्यायिक) बनाया गया है, जबकि कवर्धा के लीलाधर सारथी को कोरबा में विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) के पद पर भेजा गया है।

इसके अलावा बड़ी संख्या में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के तबादले भी किए गए हैं। इनमें भाटापारा, सक्ती, बलरामपुर, राजनांदगांव, धमतरी, घरघोड़ा, कटघोरा, महासमुंद, बचेली, सरायपाली, बिलाईगढ़, अंबिकापुर और रायपुर समेत कई जिलों के न्यायिक अधिकारियों को नई जगहों पर पदस्थ किया गया है।

यह तबादला सूची प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है, जिससे विभिन्न जिलों में न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।