Sunday, March 15, 2026
Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का जोर, किसानों को भुगतान...

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का जोर, किसानों को भुगतान भी शुरू

34

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन सीजन 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला जोर पकड़ने लगा है। धान खरीदी के छठवें दिन 20 नवंबर को किसानों से 9,00,615 क्विंटल धान खरीदा गया। वहीं, 15 नवंबर से 20 नवंबर तक कुल 23,66,958 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, खरीदी के साथ-साथ किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। इस उद्देश्य के लिए मार्कफेड ने अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपए जारी किए हैं। राज्य सरकार ने पहले ही मार्कफेड को खरीदे गए धान का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए 26,200 करोड़ रुपए की बैंक गारंटी प्रदान कर रखी है।

धान खरीदी की व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी केंद्रों में अधिकारी तैनात हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला स्तर के अधिकारी लगातार दौरा कर केंद्रों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

राज्य में बाहर से धान की अवैध आवक रोकने के लिए चेकपोस्ट पर अधिकारियों की तैनाती की गई है और मॉलवाहकों की औचक जांच भी जारी है, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।

किसानों का कहना है कि ‘टोकन तुंहर’ एप से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने और धान बेचने में काफी आसानी हो रही है। इस साल राज्य के 26.50 लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। पंजीकृत धान का कुल रकबा 29.27 लाख हेक्टेयर है।

धान खरीदी का यह अभियान राज्य में किसानों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।