The Duniyadari: रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के बाद स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। विभाग द्वारा कुल 5000 शिक्षकीय पदों को भरने की दिशा में कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा।
जारी जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक के 2292 पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं के लिए तथा 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण एवं अन्य शर्तों का उल्लेख विस्तृत विज्ञापन में किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट तथा स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर जारी किया जाएगा। इसके साथ ही भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की तिथि व्यापम द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप व्याख्याता और शिक्षक के अन्य पदों पर भर्ती के लिए भी जल्द अलग-अलग विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इससे प्रदेश में लंबे समय से रिक्त पड़े शिक्षकीय पदों को भरने में मदद मिलेगी और स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी।















