The Duniyadari :
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के लिए हुए बहुचर्चित चुनावों का अंतिम परिणाम आज घोषित कर दिया गया। राज्यभर से कुल 25 अधिवक्ताओं का चयन किया गया है, जिनमें बिलासपुर क्षेत्र से 7 प्रतिनिधि जीत दर्ज करने में सफल रहे।
लगभग दस वर्षों के अंतराल के बाद यह चुनाव कराए गए। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के सुमोटो आदेश के बाद परिषद के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। नवनिर्वाचित 25 सदस्य अब परिषद के अध्यक्ष सहित विभिन्न समितियों का गठन करेंगे, जिसके बाद अधिवक्ताओं से जुड़े नीतिगत और संगठनात्मक कार्य सुव्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ सकेंगे।
इस चुनाव में प्रदेश के करीब 13,350 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जबकि कुल 105 उम्मीदवार मैदान में थे। बिलासपुर से विजयी रहे सदस्यों में वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र दुबे, रूपेश त्रिवेदी, प्रभाकर सिंह चंदेल, चंद्रप्रकाश जांगड़े, आलोक कुमार गुप्ता, अनिल सिंह चौहान और रवि सिंह राजपूत शामिल हैं। इनमें से आलोक कुमार गुप्ता दूसरी बार परिषद में चुने गए हैं।
राज्य स्तर पर चुने गए 25 सदस्यों की सूची में कमल किशोर पटेल, शत्रुघ्न सिंह साहू, ब्रिजेश नाथ पाण्डेय, रविंद्र कुमार पाराशर, फैजल रिज़वी, विवेकानंद भोई, नरेंद्र कुमार सोनी, संतोष कुमार वर्मा, गणेश राम गुजराल, अशोक कुमार तिवारी, प्रशांत तिवारी, प्रवीन गुप्ता, उत्तम कुमार चंदेल, विराट वर्मा, अनिल कुमार गोयल, भास्कर प्रसाद साहू, जनार्दन कुमार त्रिपाठी, और बादशाह सिंह भी शामिल हैं।
चुनाव परिणामों के साथ ही अब राज्य विधिज्ञ परिषद एक बार फिर सक्रिय रूप से न्यायिक समुदाय की आवश्यकताओं और हितों के लिए कार्यरत होने को तैयार है।














