Saturday, September 19, 2026
Home Breaking छात्र ने दी थी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस...

छात्र ने दी थी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस की पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा

222

The Duniyadari:नई दिल्ली- दक्षिणी दिल्ली में वसंत विहार इलाके के एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद एक 12 वर्षीय छात्र को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी छात्र ने अपने ही स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल भेजा था। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्र ने बताया कि वसंत विहार का यह स्कूल उन 30 स्कूलों में से एक था, जिन्हें शुक्रवार को ईमेल पर बम की धमकी मिली थी। उन्होंने बताया कि कुछ ही समय बाद लड़के का पता लगा लिया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया। बाद में उस छात्र की काउंसलिंग की गई और उसके माता-पिता को इस संबंध में चेतावनी दी गई। सूत्र ने कहा, बाद में उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई।

छात्र ने पुलिस को बताया कि दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर कई चैनलों पर चल रही थी, जिसके बाद इसी तरह की घटना को अंजाम देने के बारे में उसे ख्याल आया। इसके बाद ही उसने स्कूल को मेल भेजा था। सूत्र ने कहा, “उसे विश्वास था कि वह पकड़ा नहीं जाएगा क्योंकि पहले के मामलों में भी कोई आरोपी अभी तक नहीं पकड़ा गया था।” सोमवार को कम से कम 44 स्कूलों को इसी तरह के ईमेल मिले थे।

बता दें, शनिवार को भी दिल्ली के एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस तरह राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे जाने की यह एक हफ्ते में तीसरी घटना है।