जंगल में जुए का बड़ा फड़ पकड़ा गया, 17 जुआरी गिरफ्तार

24

The Duniyadari : कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पुलिस ने जंगल के भीतर चल रहे जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए 17 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सरगुजा संभाग के कोटेरबुड़ा जंगल में की गई, जो उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। पुलिस ने मौके से करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की है।

पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोटेरबुड़ा जंगल में पुलिया के पास बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस ने साइबर सेल की टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई और जंगल में दबिश देकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी।

जांच में सामने आया कि जुआ खेलने वाले लोग पिकनिक का बहाना बनाकर बस से वहां पहुंचे थे। जंगल के भीतर फड़ सजाकर जुआ खेला जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि बस में कुछ जुआरियों के परिजन भी साथ आए थे, जिन्हें पुलिस ने कार्रवाई के बाद सुरक्षित वापस भेज दिया।

पकड़े गए सभी आरोपी कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनमें कुछ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजेश सोनी, संदीप कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राजेश गुप्ता, अल्ताफ खान, सुभाष कुमार, दीपक छत्री, विजय सिंह, अमित कोरी, संदीप गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता, कार्तिक सिंह, संतोष कुमार सोनी, अशोक वर्मा, सुदर्शन सिंह, संदीप ध्रुव और अभिषेक कुमार शामिल हैं।

उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जुआ पूरी तरह अवैध है और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह संदेश गया है कि पुलिस जुए जैसी अवैध गतिविधियों को लेकर पूरी तरह सतर्क है। खासकर सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने से यह मामला और भी गंभीर माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि जुए के पीछे जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।