The Duniyadari: कोरबा। नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर इस बार अपना जन्मदिन पारंपरिक औपचारिकताओं से अलग अंदाज में मना रहे हैं। उन्होंने तय किया है कि वे अपना खास दिन डिंगापुर स्थित अंकुर स्कूल के दिव्यांग बच्चों के बीच बिताकर उसे सामाजिक सरोकार से जोड़ेंगे।
कार्यक्रम के तहत वे स्कूल पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताएंगे, उनके साथ भोजन करेंगे और आत्मीय माहौल में खुशियां साझा करेंगे। यह पहल राजनीतिक दिखावे से हटकर संवेदनशीलता और सामाजिक जुड़ाव का संदेश देती है।
इसके बाद दोपहर में वे कोर्ट परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मौजूदगी में सादगी से जन्मदिन मनाएंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। नूतन सिंह ठाकुर का कहना है कि जन्मदिन सिर्फ बधाइयां लेने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को याद करने का दिन भी होना चाहिए।
आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समर्थकों में उत्साह है, वहीं शहर में उनकी इस पहल को सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें निजी उत्सव को समाज सेवा से जोड़ने की कोशिश की गई है।
































