Wednesday, March 25, 2026
Home Breaking जमीन कब्जाने के दो मामले दर्ज, पूर्व पार्षद समेत चार आरोपियों पर...

जमीन कब्जाने के दो मामले दर्ज, पूर्व पार्षद समेत चार आरोपियों पर एफआईआर

11

The Duniyadari: रायपुर- राजधानी में जमीन कब्जाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। इनमें एक मामला कांग्रेस के पूर्व पार्षद से जुड़ा है, जबकि दूसरे मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हथियाने की कोशिश का आरोप लगा है।

पहला मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। श्याम नगर तेलीबांधा निवासी 55 वर्षीय अनिल बालानी ने मंगलवार शाम रिपोर्ट दर्ज कराई कि राकेश धोतरे ने उनके भूखंड की बाउंड्री वॉल तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत के मुताबिक यह घटना 25 फरवरी से 2 मार्च के बीच की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी राकेश धोतरे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि राकेश धोतरे कांग्रेस का पूर्व पार्षद रह चुका है।

वहीं दूसरा मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। रावांभाठा निवासी 71 वर्षीय बिंदा बाई साहू ने मनीष सिंह, राजकुमार साहू और महेंद्र कुमार पर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फर्जी अंगूठे के निशान लगाकर इकरारनामा तैयार किया और जमीन अपने नाम कराने का प्रयास किया।

बिंदा बाई ने इस मामले में जिला न्यायालय में वाद दायर किया था। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।