The Duniyadari: KORBA- जिले के उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। गुस्से में एक दिव्यांग युवक ने अपनी मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आए पिता पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चीतापाली निवासी रामकुमार यादव काफी समय से पैतृक जमीन में हिस्सेदारी की मांग कर रहा था। जब परिवार ने उसकी मांग नहीं मानी तो विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी मां जानकुंवर यादव पर लाठी से लगातार वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव भी आरोपी के गुस्से का शिकार हो गए। उन पर किए गए हमले में उनका पैर टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी रामकुमार दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है। वारदात के बाद वह गांव से फरार हो गया था, लेकिन शनिवार सुबह उरगा थाना पुलिस ने अंजोरीपाली गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।















