The Duniyadari: KORBA– शहर के शांतिनगर क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने सड़क किनारे प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
करीब 2.9 किलोमीटर लंबी यह नाली बालको कूलिंग टॉवर से रिस्दा पुल तक बनाई जाएगी। परियोजना पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें आधी राशि जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) और शेष राशि बालको की सीएसआर मद से उपलब्ध कराई गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की तैयारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में शांतिनगर क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कें जलमग्न हो जाती थीं, जिससे आवागमन प्रभावित होता था। नई नाली बनने के बाद जलभराव की समस्या में राहत मिलने के साथ यातायात भी सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना केवल नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे आसपास के इलाकों के विकास को भी गति मिलेगी।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ मिलकर कंपनी लगातार सामुदायिक विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और आजीविका से जुड़े प्रयासों के जरिए बड़ी संख्या में लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले बजरंग चौक से रिस्दा पुल तक सड़क उन्नयन और पुल मरम्मत जैसे कार्य भी शुरू किए जा चुके हैं। अब नई नाली परियोजना को कोरबा के शहरी विकास की एक और अहम कड़ी माना जा रहा है।













