जांजगीर-चांपा में अवैध खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, उड़नदस्ता दल ने कई वाहन किए जब्त

14

The Duniyadari : जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नकेल कसने जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम और जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा लगातार गश्त, औचक निरीक्षण और अभियान चलाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में बम्हनीडीह, पुछेली, बिर्रा, कनस्दा, हथनेवरा और पीथमपुर क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान खनिज उड़नदस्ता दल ने कुल 1 ट्रैक्टर (ग्राम पुछेली), 1 हाईवा (पीथमपुर), 1 ट्रैक्टर (कनस्दा) और 2 हाईवा (बम्हनीडीह) को अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर मौके पर ही जब्त कर लिया। सभी वाहनों को संबंधित थाना एवं पुलिस रक्षित केंद्र में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि जब्त वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के प्रति जिला प्रशासन की शून्य सहिष्णुता नीति है।

अब तक 76 मामले दर्ज, 24.65 लाख रुपये वसूले

अब तक जिले में कुल 76 प्रकरण दर्ज किए गए हैं —

  • 66 प्रकरण अवैध परिवहन के, जिनसे ₹11,87,480 शास्ति वसूली गई।
  • 6 प्रकरण अवैध उत्खनन के, जिनसे ₹3,00,230 वसूले गए।
  • 4 प्रकरण अवैध भंडारण के, जिनसे ₹9,77,840 की वसूली हुई।

कुल मिलाकर ₹24,65,550 की राशि खनिज मद में जमा की गई है। कार्रवाई खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में पुनरावृत्ति की स्थिति में मामला सीधे न्यायालय में परिवाद के रूप में भेजा जाएगा और कठोर दंड सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर महोबे का निर्देश – अवैध खनन किसी भी कीमत पर नहीं बर्दाश्त

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खनिज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का दावा है कि उड़नदस्ता दल और जिला खनिज टास्क फोर्स की निरंतर गश्त से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।