Monday, April 6, 2026
Home Breaking जिला अस्पताल की मुस्तैदी से बची महिला की जान, आपात स्थिति में...

जिला अस्पताल की मुस्तैदी से बची महिला की जान, आपात स्थिति में दो बार दिया गया CPR

9

The Duniyadari: सुकमा- जिला अस्पताल सुकमा में डॉक्टरों की तत्परता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता ने एक बार फिर गंभीर मरीज की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। छिंदगढ़ विकासखंड के कुन्ना गांव की 38 वर्षीय पाली कवासी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां देर से पहुंचने के कारण स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी।

सिविल सर्जन डॉ. एमआर कश्यप के अनुसार महिला की हालत देखते हुए तुरंत ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुजा ने बिना देरी किए एलएससीएस (सीजर) ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान मृत शिशु का जन्म हुआ, जिसके बाद महिला की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।

ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। रेफर करने की तैयारी चल ही रही थी कि अचानक महिला की सांस रुकने लगी और नाड़ी व हृदय गति भी थम गई। इस आपात स्थिति में मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को दो बार सीपीआर दिया। इसके बाद मरीज को वार्ड में शिफ्ट कर वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया।

डॉक्टरों ने महिला को दो यूनिट रक्त भी चढ़ाया, जिससे धीरे-धीरे उसकी हालत में सुधार होने लगा। डॉक्टरों की सतर्कता, त्वरित निर्णय और आधुनिक संसाधनों के कारण महिला की जान बचाई जा सकी। अब पाली कवासी पूरी तरह स्वस्थ हैं और जिला अस्पताल के डॉक्टरों व स्टाफ के प्रयासों की सराहना कर रही हैं।