The Duniyadari: दुर्ग। शहर के जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे बहने वाली नाली में एक नवजात बच्चे का शव मिला। कचरा बीनने वाली एक महिला की नजर नाली में बह रही संदिग्ध चीज पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया, जिसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नाली से नवजात के शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवजात करीब छह महीने का भ्रूण बताया जा रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना सामने आने के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों ने इस घटना को लेकर नाराजगी भी जताई और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को शव का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसे नाली में कैसे फेंका गया।















