Friday, May 1, 2026
Home Breaking जिला अस्पताल में भर्ती महिला की संदिग्ध मौत, जांच में जुटा प्रशासन

जिला अस्पताल में भर्ती महिला की संदिग्ध मौत, जांच में जुटा प्रशासन

15

The Duniyadari: बलरामपुर जिले के जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत होने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सेंदुर गांव की निवासी कलेश्वरी को 27 अप्रैल को पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान वह सामान्य वार्ड में भर्ती थीं। बीती रात करीब 12:30 बजे परिजनों ने देखा कि वह अपने बिस्तर पर नहीं हैं। इसके बाद अस्पताल परिसर में उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चल सका।

कुछ समय बाद अस्पताल भवन के नीचे कलेश्वरी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि वह अस्पताल की छत से गिरीं। परिजन तत्काल उन्हें इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजनों ने कई सवाल उठाए हैं—आखिर महिला वार्ड से बाहर कैसे निकली और अस्पताल की छत तक कैसे पहुंच गई। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी पर तैनात स्टाफ और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस और प्रशासन की टीम भी मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।