Tuesday, March 10, 2026
Home छत्तीसगढ़ जिला सहकारी बैंकों में नई नियुक्तियां: सरकार ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष किए नामित, कलेक्टरों...

जिला सहकारी बैंकों में नई नियुक्तियां: सरकार ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष किए नामित, कलेक्टरों की भूमिका समाप्त

77

The Duniyadari : रायपुर। राज्य सरकार ने सहकारी बैंक प्रबंधन में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए चार जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। इन नियुक्तियों के साथ ही लंबे समय से कलेक्टरों की अध्यक्षता में संचालित हो रहे बैंकों को निर्वाचित/नामित जनप्रतिनिधियों का नेतृत्व मिल गया है।

सहकारिता विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बिलासपुर जिला सहकारी बैंक में पूर्व विधायक रजनीश सिंह को अध्यक्ष तथा रजनी साहू को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राजनांदगांव बैंक की कमान सचिन सिंह बघेल को सौंपी गई है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के पूर्व महामंत्री भरत वर्मा की नियुक्ति की गई है।

इसी तरह दुर्ग जिला सहकारी बैंक में प्रीतपाल बेलचंदन अध्यक्ष और नरेश यदु उपाध्यक्ष होंगे। अंबिकापुर बैंक के लिए राकिशुन सिंह को अध्यक्ष तथा जगदीश साहू को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं जगदलपुर जिला सहकारी बैंक में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप को अध्यक्ष और श्रीनिवास मिश्रा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

गौरतलब है कि सरकार गठन के बाद से इन जिला सहकारी बैंकों का संचालन कलेक्टरों की अध्यक्षता में किया जा रहा था। नई नियुक्तियों के बाद सहकारी बैंकों में राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ कार्य संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।