The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज जांजगीर-चांपा जिले में जनादेश पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन से पहले जांजगीर रवाना होते समय मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों के लिए यह सौभाग्य का अवसर है, जब विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन उन्हें प्राप्त होगा।
गौरतलब है कि 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने शपथ लेकर शासन की कमान संभाली थी। सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जांजगीर स्थित पुलिस लाइन मैदान में यह भव्य आयोजन किया जा रहा है।
जनादेश पर्व के दौरान आम जनता के समक्ष सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों, लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों और राज्य के समग्र विकास से जुड़े कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता दोनों के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि नड्डा का छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है और वे हमेशा प्रदेश को स्नेह देते आए हैं। सरकार के दो साल पूरे होने पर वे जनता को आशीर्वाद देने आ रहे हैं, जबकि प्रदेश में योजनाएं सुचारू और प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं।














