Sunday, March 15, 2026
Home छत्तीसगढ़ टीआई चौहान पर नियंत्रण में चूक का आरोप, लाइन अटैच

टीआई चौहान पर नियंत्रण में चूक का आरोप, लाइन अटैच

174

The Duniyadari : कोचिया को छोड़ने के मामले में टीआई नरेश चौहान पर कार्रवाई
बिलासपुर। शराब कोचियों को पैसे लेकर छोड़ने की घटना में पहले ही दो आरक्षकों पर गाज गिर चुकी है, वहीं अब इस मामले में थाना प्रभारी की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अनुशासनहीनता पर नियंत्रण न रखने के आरोप में रतनपुर थाना प्रभारी टीआई नरेश चौहान को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन अटैच करने का आदेश जारी कर दिया।

गौरतलब है कि पुलिस विभाग में समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से अधीनस्थ स्टाफ पर नियंत्रण बनाए रखने और सख्त अनुशासन पालन करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। 20 अगस्त की रात हुई विशेष बैठक में भी जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे अपने-अपने स्टाफ पर कड़ी नजर रखें और अनुशासन भंग की स्थिति पर तुरंत रोक लगाएँ।

इसके बावजूद 26 अगस्त को रतनपुर थाना अंतर्गत आरक्षक संजय खांडे और सुदर्शन मरकाम ने सादी वर्दी में, बिना थाना प्रभारी को सूचित किए, ग्राम सिल्ली मोड़ स्थित कुआंजती गांव में दबिश दी। इस दौरान आरोप है कि उन्होंने शराब कोचिया से लेन-देन कर मामले को रफा-दफा कर दिया।

घटना सामने आने के बाद दोनों आरक्षकों को पहले ही निलंबित किया जा चुका था। जांच में यह पाया गया कि थाना प्रभारी ने अपने अधीनस्थों पर आवश्यक नियंत्रण नहीं रखा, जिसके चलते यह प्रकरण घटित हुआ। इसी आधार पर एसएसपी ने टीआई नरेश चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर अनुशासन की सख्ती का संदेश दिया है।