Friday, March 13, 2026
Home Uncategorized टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन सट्टा...

टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़

25

The Duniyadari : रायपुर। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम कसते हुए रायपुर पुलिस की क्राइम एंड साइबर यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑनलाइन बैटिंग के जरिए सट्टा चलाने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 37.50 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और 3 लग्जरी चारपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 92.50 लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। पूरे ऑपरेशन पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता लगातार नजर बनाए हुए थे।

कारों के भीतर बैठकर चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा

पुलिस को 31 जनवरी को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ लोग कारों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन अलग-अलग कारों से 6 लोगों को हिरासत में लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी runwin777.com और classic777.com जैसी वेबसाइटों के माध्यम से मास्टर आईडी तैयार कर आगे आईडी बांटते थे और कमीशन के आधार पर सट्टा खिलवाते थे।

आईडी बेचकर फैला रहे थे नेटवर्क

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मास्टर आईडी की व्यवस्था करते थे, जबकि अन्य आरोपी इन्हीं आईडी के जरिए ग्राहकों को ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए जोड़ते थे। गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। इसके साथ ही म्यूल बैंक अकाउंट और हवाला लेन-देन से जुड़े सबूत भी हाथ लगे हैं, जिनकी गहन वित्तीय जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • रखब देव पाहुजा (46), निवासी भिलाई
  • पीयूष जैन (26), निवासी रायपुर
  • जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (33), निवासी रायपुर
  • दीपक अग्रवाल (40), निवासी बिलासपुर
  • कमल राघवानी (32), निवासी रायपुर
  • सचिन जैन (49), निवासी रायपुर

पुलिस के अनुसार इनमें से चार आरोपी पहले भी जुआ और सट्टा मामलों में जेल जा चुके हैं।

यह सामान हुआ जब्त

  • 37,50,000 रुपये नगद
  • 10 मोबाइल फोन (लगभग 5 लाख रुपये मूल्य)
  • 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा XL6 कार

आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112(2) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों पर भी जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदलते अपराध के तरीकों के अनुरूप रणनीति में भी बदलाव किया जा रहा है और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।