Sunday, April 12, 2026
Home Korba/कटघोरा ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, कार जलकर खाक; कटघोरा में...

ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, कार जलकर खाक; कटघोरा में रातभर दहशत

31

The Duniyadari: कोरबा। जिले के कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। वार्ड क्रमांक 7 में मीरा टॉकीज के पास अंबिकापुर रोड स्थित ट्रांसफार्मर में कथित रूप से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद चिंगारियां भड़क उठीं। कुछ ही मिनटों में आग नीचे पड़े कचरे तक फैल गई और लपटें तेज हो गईं।

घटना के दौरान पास में खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। वाहन मालिक के अनुसार उसे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सोशल मीडिया पर आगजनी के वीडियो तेजी से साझा किए जा रहे हैं, जिनमें कार धू-धू कर जलती नजर आ रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और पुलिस को सूचना दी। एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे आसपास के घरों और दुकानों में अंधेरा छा गया। खबर लिखे जाने तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बुझाने के लिए लोग अपने स्तर पर पानी की बाल्टियां और पाइप लेकर जुटे रहे, लेकिन दमकल वाहन के देर तक नहीं पहुंचने से नाराजगी भी देखने को मिली।

ट्रांसफार्मर के आसपास कई दुकानें स्थित हैं, ऐसे में बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय नागरिकों ने घटना की जांच कर जिम्मेदारियों का निर्धारण करने और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।