Friday, April 10, 2026
Home Breaking ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 87 चालकों पर...

ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 87 चालकों पर 9.65 लाख का जुर्माना

7

The Duniyadari: केसीजी- सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। हाल ही में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 87 वाहन चालकों को न्यायालय ने कुल 9 लाख 65 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया था, जहां आरोपियों पर आर्थिक दंड लगाया गया। इसके साथ ही कई मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस द्वारा अप्रैल 2026 के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी व्यापक कार्रवाई की गई।

इस दौरान मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने के 258 मामलों में 77,400 रुपये का चालान काटा गया। बिना नंबर प्लेट के 134 वाहनों से 40,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले 36 लोगों से 18,000 रुपये और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 17 चालकों से 8,500 रुपये का समन शुल्क लिया गया।

इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के 2 मामलों में 600 रुपये, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने के 5 मामलों में 1,500 रुपये, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के 1 मामले में 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं प्रेशर हॉर्न के 29 मामलों में 8,700 रुपये और अन्य यातायात उल्लंघनों के 83 मामलों में 24,900 रुपये की वसूली की गई।

इस तरह कुल 665 मामलों में 2 लाख 14 हजार 200 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती जा रही है, क्योंकि ऐसे मामलों में दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है।

जिला पुलिस ने बताया कि छह मामलों में लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।

साथ ही जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।