The Duniyadari : डीएलसीसी-डीएलआरसी बैठक: युवाओं के ऋण प्रकरणों को प्राथमिकता, फरवरी तक जीएसएस लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
कोरबा, 7 फरवरी 2026। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) और जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की तिमाही बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बैंकों को निर्देश दिया कि बेरोजगार और स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण कर अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत किए जाएं।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर भी तेजी से कार्रवाई करने पर जोर दिया, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन प्रायोजित योजनाओं (जीएसएस) के वार्षिक ऋण लक्ष्य को हर हाल में फरवरी 2026 के अंत तक पूरा किया जाए, जिससे युवाओं, किसानों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक सहयोग मिल सके। बैठक में मौजूद बैंक अधिकारियों ने तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने का भरोसा दिलाया।
बैठक का संचालन लीड बैंक मैनेजर कृष्ण भगत ने किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अतिरिक्त कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज, आरबीआई के एलडीओ अविनाश कुमार टोप्पो, नाबार्ड के डीडीएम एस.के. प्रधान, डीआईटीसी के महाप्रबंधक विजय कुमार करे, डीएमएम अनुराग जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
































