Wednesday, May 20, 2026
Home Breaking डीजल संकट गहराया, बीच रास्ते में बंद हुई यात्री बस, घंटों परेशान...

डीजल संकट गहराया, बीच रास्ते में बंद हुई यात्री बस, घंटों परेशान रहे मुसाफिर

12
Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur में इन दिनों डीजल की किल्लत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म हो चुका है, जबकि जहां उपलब्ध है वहां भी सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर यात्री बसों और लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों पर पड़ रहा है।

मंगलवार को बिलासपुर से गौरेला जा रही एक यात्री बस डीजल खत्म होने की वजह से बीच रास्ते में बंद हो गई। जानकारी के मुताबिक बस सुबह बिलासपुर बस स्टैंड से रवाना हुई थी। रवाना होने से पहले चालक और परिचालक ने शहर के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी पर्याप्त ईंधन नहीं मिल पाया। काफी प्रयास के बाद रास्ते में एक पेट्रोल पंप से थोड़ी मात्रा में डीजल मिला, जिसके सहारे बस आगे बढ़ी।

हालांकि रतनपुर-बेलगहना मार्ग पर पड़ने वाले कई पेट्रोल पंपों में भी डीजल उपलब्ध नहीं था। लगातार तलाश के बावजूद दोपहर के समय बस गरसागर के पास पूरी तरह बंद हो गई। बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे, जिन्हें तेज धूप और गर्मी के बीच सड़क किनारे घंटों इंतजार करना पड़ा।

बाद में अन्य वाहनों और गुजर रही बसों की मदद से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। काफी मशक्कत के बाद कंचनपुर इलाके में डीजल मिलने पर बस किसी तरह वापस बिलासपुर लौट सकी। इस घटना के बाद जिले में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।