Monday, April 13, 2026
Home Breaking ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: एक ही रात में 165 वाहन...

ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: एक ही रात में 165 वाहन चालक पकड़े गए

10

The Duniyadari: रायपुर में यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। 12 अप्रैल 2026 की रात शहर के अलग-अलग हिस्सों में की गई जांच के दौरान 165 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है और मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

यह अभियान पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर चलाया गया। शहर के 9 स्थानों पर बैरिकेडिंग कर टीमों ने वाहनों की जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध चालकों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई और नशे में पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की गई।

यातायात अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से अब तक 2300 से ज्यादा ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें न्यायालय द्वारा प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पुलिस उपायुक्त विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस ने लोगों से सहयोग की भी अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे में वाहन चलाते हुए दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।