The Duniyadari: रायपुर- राजधानी में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ड्रंक-ड्राइविंग अभियान के दौरान एक युवक ने ट्रैफिक पुलिस से जमकर विवाद किया और खुलेआम धमकी तक दे डाली। मामला तेलीबांधा इलाके का है, जहां जांच के दौरान शराब के नशे में कार चला रहे युवक को रोका गया था।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च की रात ट्रैफिक पुलिस नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक कार चालक को रोका गया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब वाहन की चाबी मांगी तो चालक भड़क गया और मौके पर ही विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने ट्रैफिक निरीक्षक वैभव मिश्रा को धमकाते हुए कहा कि वह प्रदेश स्तर का पदाधिकारी है और कार्रवाई करने पर परिणाम भुगतने होंगे। इतना ही नहीं, युवक ने वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने को लेकर भी हंगामा किया और खुद वीडियो बनाने की बात कहकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
विवाद के दौरान युवक ने कहा कि वह “थोड़ा बहुत” शराब पीकर वाहन चला रहा था और मामूली चालान भरने को तैयार है, लेकिन गाड़ी जब्त करने का विरोध करता रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार बहस करता रहा।
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान राजू मित्रा के रूप में हुई है, जो हिंदू जागरण मंच दुर्ग का जिलाध्यक्ष बताया जा रहा है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। तेलीबांधा थाना पुलिस ने राजू मित्रा के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।















