Thursday, March 12, 2026
Home रायपुर ढाबे के बाहर खूनखराबा: मोबाइल छीना, विरोध किया तो बदमाशों ने ले...

ढाबे के बाहर खूनखराबा: मोबाइल छीना, विरोध किया तो बदमाशों ने ले ली जान

36

The Duniyadari : रायपुर में लूट के दौरान युवक की नृशंस हत्या, ढाबे के बाहर चाकू से वार

रायपुर। राजधानी से लगे खरोरा थाना क्षेत्र में बीती रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खरोरा–रायपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम बरौंडा के पास स्थित किंग ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने लूट के इरादे से आए बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे ऑरेंज रंग की केटीएम बाइक पर सवार तीन युवक खरोरा की ओर से पहुंचे। ढाबे के सामने रुककर उन्होंने पहले बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा, फिर अचानक चाकू निकालकर लूटपाट शुरू कर दी। इसी दौरान ढाबे के बाहर बैठे शिवकुमार साहू से मोबाइल फोन छीना गया।

जब शिवकुमार ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया। साथियों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि शिवकुमार साहू अपने करीब 11 दोस्तों के साथ ढाबे पर खाना खाने और पार्टी करने आया था। सभी सिलतरा स्थित आबकारी वेयरहाउस में कार्यरत थे। वारदात के समय शिवकुमार सहित तीन युवक ढाबे के बाहर बैठे हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी ग्रामीण, एएसपी क्राइम, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह सहित क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।