तंत्र-मंत्र के नाम पर पैसा दोगुना करने का खेल बेनकाब, पांच लाख की ठगी में पिता-पुत्र गिरफ्तार

5

The Duniyadari: बलौदाबाजार। पलारी थाना क्षेत्र में जादू-टोना के नाम पर रकम कई गुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले पिता-पुत्र को पुलिस ने धर दबोचा है। दोनों पर अलग-अलग गांवों के लोगों से करीब पांच लाख रुपये ऐंठने का आरोप है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीनदयाल जांगड़े (66) और उसके पुत्र पुरुषोत्तम जांगड़े (35) के रूप में हुई है। दोनों रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र स्थित ग्राम धौराभाठा के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वे लंबे समय से तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को भरोसे में लेकर रकम ठगते थे।

पहला मामला ग्राम बलौदी के एक ग्रामीण से जुड़ा है, जिसने वर्ष 2022 में तीन लाख रुपये नकद देने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर पैसे लिए गए, लेकिन न वादा पूरा हुआ और न ही रकम लौटाई गई।

दूसरी शिकायत ग्राम रामपुर निवासी एक व्यक्ति ने दर्ज कराई। उसके अनुसार नवंबर 2022 में आरोपियों ने दो लाख रुपये लेकर तांत्रिक क्रिया से लाभ दिलाने का दावा किया। रकम वापस मांगने पर कथित रूप से धमकी भी दी गई।

दोनों प्रकरणों में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार की है। उनके पास से एक मोबाइल फोन और कुछ नगद राशि जब्त की गई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसे दोगुने करने या तंत्र-मंत्र से लाभ दिलाने जैसे प्रलोभनों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।