Sunday, May 24, 2026
Home Breaking तालाब में नहाते समय हादसा, हाथी शावक की मौत से जंगल में...

तालाब में नहाते समय हादसा, हाथी शावक की मौत से जंगल में मचा कोहराम

6
Oplus_16908288

The Duniyadari: रायगढ़ जिले के छाल रेंज क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जंगल के आमामुड़ा तालाब में नहाने पहुंचे हाथियों के दल के बीच एक हाथी शावक की दबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हाथियों की चिंघाड़ सुनाई देती रही और वन विभाग की टीम को भी मौके तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, छाल रेंज में इन दिनों करीब 70 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। शनिवार रात करीब 8 बजे पुसल्दा गांव के पास स्थित आमामुड़ा तालाब में हाथियों का एक दल पानी में उतरा था। इसी दौरान अफरा-तफरी में एक छोटा हाथी बड़े हाथी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि शावक की मौत के बाद एक मादा हाथी ने उसे तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद पूरी रात हाथियों का झुंड शव के आसपास मंडराता रहा और लगातार चिंघाड़ता रहा। रविवार सुबह तक भी हाथियों का दल मृत शावक के पास ही मौजूद था, जिससे वन विभाग की टीम शव के करीब नहीं पहुंच सकी।

घटना की सूचना मिलते ही वन अमला और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों का कहना है कि हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ही शावक के शव का परीक्षण और आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।