Thursday, May 21, 2026
Home Breaking तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी रांची से गिरफ्तार

तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी रांची से गिरफ्तार

140

The Duniyadari: जशपुर– छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में तपकरा थाना क्षेत्र की उतियाल नदी से मिले तीन शवों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस ने इस तिहरे हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। प्रेम संबंध और चरित्र शंका इस वीभत्स घटना की वजह बनी। आरोपी प्रमोद गिद्धी (36 वर्ष) को पुलिस ने झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है।

बेल्ट से गला घोंटकर तीन की हत्या

प्रमोद गिद्धी का मृतका सुभद्रा ठाकुर से प्रेम संबंध था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रमोद को सुभद्रा के चरित्र पर शक हो गया था। इसी संदेह में उसने पहले महिला की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की, फिर उसके दो बच्चों – एक 6 वर्षीय बालक और 14 वर्षीय किशोरी – को भी मार डाला। हत्या के बाद आरोपी ने तीनों शवों को उतियाल नदी किनारे रेत में दबा दिया।

जहर खाकर भागने की कोशिश, रांची से पकड़ा गया

हत्या के बाद आरोपी ने आत्मग्लानि में जहर खा लिया और भागकर रांची पहुंच गया। पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशे में तीन लोगों की हत्या की बात कर रहा है। जांच में यह क्लू सटीक निकला और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी को रांची से धर दबोचा गया। पूछताछ के दौरान जहर खाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब उसकी स्थिति स्थिर है।

इस पूरे ऑपरेशन को एसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पांच अलग-अलग टीमें गठित की गईं और संभावित इलाकों में भेजा गया। उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, निरीक्षक संदीप कौशिक, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, एएसआई हरिशंकर राम, हेड कांस्टेबल मिराज किस्पोट्टा सहित पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई।

एसपी बोले: हत्या के बाद भी बचाने की कोशिश

एसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह तिहरा हत्याकांड हमारे लिए चुनौती था। पुलिस की तत्परता और सतर्कता से आरोपी न केवल पकड़ा गया, बल्कि उसकी जान भी बचाई जा सकी। रांची में पकड़ी गई टीम को नकद इनाम दिया गया है।

यह हत्याकांड प्रेम, संदेह और अंधविश्वास का घातक मिश्रण बन गया, जिसमें एक महिला और दो मासूमों की जान गई। पुलिस की सजगता ने आरोपी को कानून के शिकंजे में लाया और मामले को जल्द सुलझा लिया गया। इलाके में फिलहाल सन्नाटा है, लेकिन लोगों ने पुलिस की तत्परता की प्रशंसा की है।