Friday, April 10, 2026
Home Breaking तीन माह से अंधेरे में था कुरुडीह, कलेक्टर के निर्देश पर लगा...

तीन माह से अंधेरे में था कुरुडीह, कलेक्टर के निर्देश पर लगा नया ट्रांसफार्मर, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

12

The Duniyadari: कोरबा — ग्राम कुरुडीह के ग्रामीणों ने लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग तीन महीने से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप थी, जिससे दैनिक जीवन के साथ-साथ खेती-किसानी और अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग को शिकायत दी, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता रोशन वर्मा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम कुरुडीह में नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।

लंबे समय तक समस्या के समाधान में देरी पर कलेक्टर ने नाराज़गी जताई और भैसमा वितरण केंद्र के अंतर्गत कार्यरत सब इंजीनियर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।