Monday, March 2, 2026
Home कोरबा तुमान में मनरेगा बचाओ रैली: रोजगार अधिकार को कमजोर करने का आरोप

तुमान में मनरेगा बचाओ रैली: रोजगार अधिकार को कमजोर करने का आरोप

25

The Duniyadari : कोरबा/तुमान। मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत तुमान में रामपुर विधानसभा स्तरीय रैली और आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कबीर चौक स्थित कबीर जय स्तंभ पर पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद कबीर चौक से बाजार चौक तक रैली निकाली गई। बाजार चौक में आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा।

कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा कानून में बदलाव से श्रमिकों के हित प्रभावित हुए हैं। उनके मुताबिक, यह योजना ग्रामीण मजदूरों को सम्मानजनक रोजगार देने का माध्यम रही है और इसे कमजोर करना गरीब तबके के लिए नुकसानदेह है।

एआईसीसी सचिव और छत्तीसगढ़ सह प्रभारी जरिता लैतफ्लांग ने कहा कि मनरेगा से पंचायतों और ग्राम सभाओं को निर्णय लेने की ताकत मिलती थी, लेकिन अब अधिकारों में कटौती की जा रही है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी योजना में किए गए बदलावों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे रोजगार की गारंटी पर असर पड़ेगा।

रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा कि मनरेगा एक अधिकार आधारित कानून के रूप में लागू किया गया था, जो ग्रामीणों को वैधानिक रूप से काम दिलाता था। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने इसे श्रमिक हितों के खिलाफ कदम बताया। वहीं, सांसद प्रतिनिधि हरीश परसाई ने कहा कि यह योजना वर्षों से करोड़ों मजदूरों के लिए सहारा रही है और महामारी के दौर में भी उपयोगी साबित हुई।

सभा का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रमोद कुमार श्रीवास ने किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।