Monday, April 13, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, सुबह टहलने...

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, सुबह टहलने निकले थे घर से

12

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा-  जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के तलदेवरी-बिर्रा मुख्य मार्ग स्थित कोसा तालाब के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान बिर्रा निवासी चौटी लाल पटेल (56) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह सुबह करीब 5 बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान कोसा तालाब के पास अचानक तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चौटी लाल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

सुबह के समय सड़क किनारे शव देख स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिससे परिवार में मातम छा गया।

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला अज्ञात वाहन की टक्कर का प्रतीत हो रहा है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान हो सके।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर सुबह के समय बड़ी संख्या में लोग टहलने निकलते हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण के उपाय और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।