The Duniyadari: कोरबा में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर हुई आमने-सामने की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह दुर्घटना बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास रात करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में बुधवारी की ओर से आ रहे थे। उसी दौरान दूसरी दिशा से पति-पत्नी अपने छोटे बच्चे के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी बीच दोनों वाहनों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसकी मां के सिर पर गहरी चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हुए हैं। मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और प्राथमिक सहायता पहुंचाने की कोशिश की।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार, सड़क किनारे खड़े वाहन और अतिक्रमण के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यहां यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
































