The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओडगी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ओडगी-पाल-दनौली मुख्य मार्ग पर शंकर चौक और फॉरेस्ट कॉलोनी के बीच तेज रफ्तार जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम ठरकी निवासी 24 वर्षीय लालचंद चेरवा अपनी 23 वर्षीय पत्नी अंजुलता लता चेरवा को इलाज के लिए सूरजपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही जेसीबी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों जेसीबी के पहिए के नीचे आ गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि जेसीबी चालक नाबालिग था और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
वहीं, पुलिस का कहना है कि चालक के नाबालिग होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विरोध का नेतृत्व कर रहे स्थानीय कांग्रेस नेता लवकेश गुर्जर ने बताया कि संबंधित जेसीबी पाल-दनौली में बन रहे एकलव्य आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य में लगी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने नाबालिग को जेसीबी चलाते देखा है।
ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।















