त्र्यंबकेश्वर से द्वारका जा रही बस 30 फीट गहरी खाई में गिरी, 5 श्रद्धालुओं की मौत

0
21

The Duniyadari: गुजरात- डांग में रविवार (2 फरवरी) को भीषण हादसा हो गया। त्र्यंबकेश्वर (महाराष्ट्र) से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर द्वारका (गुजरात) जा रही बस 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। एक्सीडेंट में MP के 5 लोगों की मौत हो गई। 17 गंभीर घायल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। डांग के अस्पताल में 17 घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा सुबह 4:15 बजे सपुतारा हिल स्टेशन पास हुआ।

त्र्यंबकेश्वर से द्वारका जा रही थी बस

महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर बस गुजरात के द्वारका जा रही थी। सापुतारा हिल स्टेशन के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के रहने वाले 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मरने वालों के नाम अभी पता नहीं चले हैं। 17 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार घायलों की देखभाल कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

23 दिसंबर को तीर्थयात्रा पर निकला था श्रद्धालुओं का दल

श्रद्धालुओं का दल 23 दिसंबर को 4 बसों में सवार होकर धार्मिक यात्रा पर निकला था। बस में मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना, अशोकनगर सहित कई जिलों के यात्री भी थे.

तीर्थयात्री उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे थे। रविवार को एक बस हादसे का शिकार हो गई। भीषण हादसे में बस क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ।