Wednesday, March 18, 2026
Home Breaking थार खरीदने की चाह में नाबालिगों ने रची चोरी की साजिश, घर...

थार खरीदने की चाह में नाबालिगों ने रची चोरी की साजिश, घर से ही उड़वाया लाखों का सोना

10

The Duniyadari: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां महंगी गाड़ी खरीदने के लालच में नाबालिग लड़कों ने अपने ही घरों में चोरी की योजना बना डाली। इस साजिश के तहत एक रिटायर्ड सेना जवान के बेटे को बहला-फुसलाकर उससे उसके घर से सोना निकलवाया गया।

जानकारी के अनुसार, लड़कों ने मिलकर थार गाड़ी खरीदने की प्लानिंग की थी। इसके लिए सभी ने अपने-अपने घर से सोना लाने का फैसला किया। इसी दौरान कुछ लड़कों ने नकली जेवर दिखाकर अपने दोस्त को असली गहने चोरी करने के लिए उकसाया। वह धीरे-धीरे घर से करीब 15 तोला सोना निकालकर दोस्तों को देता रहा।

जब सोना बेचकर उम्मीद के मुताबिक पैसे नहीं मिले और रकम खत्म हो गई, तब आरोपियों ने फिर से सोना लाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने ही दोस्त को धमकाकर और मारपीट कर ब्लैकमेल भी किया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब परिवार को इस पूरी हरकत की जानकारी मिली। इसके बाद रिटायर्ड सेना जवान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए एक-एक कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए गहनों को शहर के अलग-अलग लोगों को बेचा गया था। कुछ जेवर ज्वेलरी कारोबारी को बेचे गए, जबकि कुछ सोना कम दाम में रिश्तेदारों के माध्यम से खपाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खरीददारों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

इस पूरे मामले में करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने नाबालिग सहित पांच आरोपियों को पकड़ा है और आगे की जांच जारी है।