Wednesday, September 30, 2026
Home छत्तीसगढ़ दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने मालगाड़ी के इंजन में लगाई आग, किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग...

दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने मालगाड़ी के इंजन में लगाई आग, किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग बाधित

479

जगदलपुर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने जमकर उत्पात मचाया है। किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर माओवादियों ने देर रात एक मालगाड़ी के इंजन में आग लगा दी है। मालगाड़ी का ड्राइवर सुरक्षित है।

बताया जा रहा है कि बैलाडीला से मालगाड़ी लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम जा रही थी। बचेली और भांसी के बीच माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया। मामला भांसी थाना क्षेत्र का है।

माओवादी भांसी के जंगल में घात लगाकर बैठे थे। यह इलाका बेहद संवेदनशील है। इसलिए यहां से जो भी रेल गुजरती है, उसकी रफ्तार काफी धीमी होती है। ताकि नक्सली किसी घटना को अंजाम भी दें तो ज्यादा नुकसान न झेलना पड़े। घटना के वक्त भी मालगाड़ी की रफ्तार काफी धीमी थी।

पायलट को उतारकर लगाई आग

जैसे ही मालगाड़ी के आने की खबर हथियारबंद माओवादियों को मिली तो वे जंगल से निकलकर ट्रैक पर आ गए। उन्होंने बंदूक दिखाकर मालगाड़ी को रोक लिया। इसके बाद पायलट और एक अन्य कर्मचारी को नीचे उतारा। उनसे वॉकी-टॉकी समेत मोबाइल जब्त कर लिया गया। फिर मालगाड़ी के इंजन में आग लगाकर माओवादी जंगल की तरफ चले गए।

वारदात की जानकारी मिलते ही दंतेवाड़ा से DRG के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया है। नक्सलियों की इस हरकत की वजह से किरंदुल-विशाखापट्टनम मार्ग अभी बाधित है। जल चुके इंजन को हटाने का काम किया जा रहा है।