The Duniyadari: जांजगीर-चांपा- जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन ग्रामीणों की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे तीनों लोगों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरी-कोरबी निवासी दिलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। भारतमाला रोड पर पैदल चलते समय तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे, जबकि आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर ही है।















