Friday, May 8, 2026
Home Breaking दर्दनाक हादसा: लटकते 11 KV बिजली तार से टकराया बाइक सवार, करंट...

दर्दनाक हादसा: लटकते 11 KV बिजली तार से टकराया बाइक सवार, करंट लगने से बाइक समेत जिंदा जला

15

The Duniyadari: गरियाबंद– जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक खंभे से टूटकर लटक रहे 11 केवी के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही बाइक में आग लग गई और युवक जिंदा जल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान दसपुर गांव निवासी 37 वर्षीय यशवंत ध्रुव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक यशवंत शुक्रवार को जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था। दसपुर बांध के पास रास्ते में खंभे से 11 केवी सप्लाई लाइन का तार टूटकर लटक रहा था। अचानक यशवंत की गर्दन तार में फंस गई।

करंट लगते ही तेज लपटें उठीं और यशवंत को भागने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते बाइक भी आग की चपेट में आ गई। करंट और आग से झुलसकर यशवंत की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।