दर्री केन्दईखार में अवैध कब्जों पर प्रशासन की कार्रवाई, भारी पुलिस बल के बीच तोड़फोड़ शुरू

6

The Duniyadari: कोरबा। नगर निगम कोरबा क्षेत्र के दर्री स्थित केन्दईखार इलाके में बड़े पैमाने पर कथित अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कटघोरा एसडीएम की अगुवाई में राजस्व और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

कार्रवाई के लिए जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से निर्माणाधीन और बने हुए ढांचों को हटाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि पर बिना अनुमति निर्माण किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाया जा रहा है।

अभियान के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति देखी गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया। कुछ लोगों का कहना है कि चयनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशासन का दावा है कि यह कदम राजस्व अभिलेखों के आधार पर उठाया गया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्ती से निपटा जाएगा।

फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है और स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।