The Duniyadari: अभनपुर। दीपावली का त्योहार मनाने घर लौट रहे एक परिवार की यात्रा दर्दनाक हादसे में खत्म हो गई। अभनपुर क्षेत्र के टीला एनीकट के पास रविवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार दंपती समेत उनके दो बच्चों की जान चली गई। हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर के लक्ष्मीनगर में रहने वाले शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ गरियाबंद जिले के पसौद गांव जा रहे थे। परिवार दीपावली का त्योहार अपनों के साथ मनाने के लिए निकला था। इसी दौरान रात करीब एक बजे टीला एनीकट के समीप उनकी कार अचानक बेकाबू हो गई और नदी में समा गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद कार सवार चारों लोगों के शव नदी से बाहर निकाले गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
गोबरा नवापारा पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि कार किस परिस्थिति में चालक के नियंत्रण से बाहर हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।


















