The Duniyadari: रायपुर। अंबिकापुर में हुई दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे अंबिकापुर को झकझोर कर रख दिया है और संवेदनशील समाज का सिर शर्म से झुक गया है।
सिंहदेव ने कहा कि अंबिकापुर की एक बेटी के साथ हुई दरिंदगी और उसकी हत्या ने लोगों के मन में गुस्सा और भय दोनों पैदा कर दिए हैं। उन्होंने इस घटना को देश को झकझोर देने वाले निर्भया कांड जैसी दर्दनाक घटना से जोड़ते हुए कहा कि आखिर बेटियां कब तक असुरक्षित रहेंगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शहर का व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है और प्रशासन स्थिति संभालने में विफल साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दर्द है। इस तरह के जघन्य अपराधों को भुलाया नहीं जा सकता। सिंहदेव ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कठोरतम सजा की मांग की।
सिंहदेव ने कहा कि ऐसे अपराधों के लिए मृत्युदंड जैसी सख्त सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की दरिंदगी करने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा कि अब न्याय में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।















