Monday, October 19, 2026
Home Bengaluru देवभोग मिल्क पार्लर हटाने पर भड़का संघ, निगम कार्यालय में दूध बहाकर...

देवभोग मिल्क पार्लर हटाने पर भड़का संघ, निगम कार्यालय में दूध बहाकर किया विरोध

110

The Duniyadari: रायपुर में नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर विवाद गहरा गया है। छत्तीसगढ़ शासन के उपक्रम देवभोग के मिल्क पार्लरों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश देवभोग मिल्क पार्लर संघ ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

संघ के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्रवाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताते हुए परिसर में ही दूध के पैकेट फोड़कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

संघ का कहना है कि शासन के ही उपक्रम से जुड़े मिल्क पार्लरों को अतिक्रमण बताकर हटाना अनुचित है। इससे जहां कई लोगों का स्वरोजगार प्रभावित हो रहा है, वहीं शहर में दूध की आपूर्ति भी प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जोन क्रमांक 10 के कर्मचारी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।

संघ की प्रमुख मांगें

देवभोग मिल्क पार्लरों पर चल रही हटाने की कार्रवाई तुरंत रोकी जाए

अभद्र व्यवहार के आरोपी कर्मचारी से सार्वजनिक माफी दिलाई जाए

शासकीय उपक्रम से जुड़े पार्लरों के लिए स्पष्ट और स्थायी नीति बनाई जाए

संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार एक ओर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर प्रशासन उन्हीं योजनाओं से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो शहर में दूध आपूर्ति प्रभावित करने सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।