Varanasi Airport: यदि आप भविष्य में किसी भी समय वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जाते हैं, तो आपको संस्कृत भाषा में कोविड-19 की घोषणाएं सुनने को मिलेंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हवाईअड्डे ने संस्कृत में महत्वपूर्ण कोविड-19 घोषणाएं करना शुरू कर दिया है, एक पहल जिसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सहयोग से शुरू किया है. अभी तक, हवाई अड्डे पर किसी भी प्रकार की घोषणाओं के लिए हिंदी और अंग्रेजी भाषा का इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन बीते शुक्रवार से एयरपोर्ट पर अनाउंसमेंट के लिए तीसरी भाषा के तौर पर संस्कृत को जोड़ा गया है.
अब #भाविप्रा वाराणसी विमानतल पर अंग्रेजी और हिंदी के बाद संस्कृत में भी कोविड मानदंडों की घोषणा की जा रही है|
हमारे सम्मानित यात्रियों को विमानतल पर
आते ही महसूस हो जाएगा कि वे काशी – संस्कृत भाषा के पीठ स्थान में प्रवेश कर चुके हैं|@AAI_Official @aaiRedNR pic.twitter.com/E0RcD3LfSS— VARANASI AIRPORT (@AAIVNSAIRPORT) June 17, 2022
वाराणसी हवाई अड्डे पर संस्कृत में अनाउंसमेंट
वाराणसी हवाई अड्डे ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘अब भाविप्रा वाराणसी विमानतल पर अंग्रेजी और हिंदी के बाद संस्कृत में भी कोविड मानदंडों की घोषणा की जा रही है. हमारे सम्मानित यात्रियों को विमानतल पर आते ही महसूस हो जाएगा कि वे काशी-संस्कृत भाषा के पीठ स्थान में प्रवेश कर चुके हैं.’ हवाईअड्डा निदेशक आर्यमा सान्याल ने कहा कि संस्कृत घोषणा की पहल भाषा को सम्मान देने के लिए शुरू की गई है. संस्कृत की घोषणा वाली एक क्लिप ने अब ट्विटर पर हलचल मचा दी है. कई लोगों ने इस पहल की सराहना की है. जबकि कुछ यूजर्स ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि यह इस भाषा को पुनर्जीवित करने के लिए कुछ नहीं करेगा.































